सवाई माधोपुर में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने खंडार और बालेर में विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 8 नमूने लिए। इनमें लाल मिर्च पाउडर, घी, रबड़ी, पनीर, तिल्ली का तेल, नमकीन और इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन शामिल हैं। सभी सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है। वहीं बाजार में फ़ूड सेफ्टी टीम के आने की सूचना पर दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकले। इन दुकानों से लिए सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खंडार स्थित वृंदावन विजय गोपाल प्रतिष्ठान से लाल मिर्च पाउडर और घी के नमूने लिए। वहीं, बीकानेर मिष्ठान भंडार से रबड़ी और पनीर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार बालेर के जगदंबा जनरल स्टोर से तिल्ली के तेल और नमकीन, हेमंत किराना स्टोर से नमकीन तथा अशोक किराना स्टोर से इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही दुकानें बंद विभागीय टीम की कार्रवाई की सूचना बाजार में फैलने के बाद कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चले गए। इसके चलते टीम अधिक प्रतिष्ठानों से नमूने नहीं ले सकी। विभाग के अनुसार, मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सैंपल फेल हुए तो कार्रवाई होगी फूड सैंपल सैंपल अगर जांच में फेल हुए तो कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल और वीरेन्द्र सिंह राजपूत की टीम ने की।

