लखनऊ के आलमबाग स्थित बद्री प्रसाद सर्राफा शोरूम में आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते धुंआ तेज हो गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सीएफओ अंकुश मित्तल ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10:33 बजे कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में आलमबाग फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। रास्ते में स्थानीय लोगों और सूचना देने वाले व्यक्ति से बातचीत में आग के भीषण होने की जानकारी मिली। इसके बाद सरोजिनी नगर से दो और हजरतगंज व पीजीआई चौक से भी दमकल गाड़ियां रवाना की गईं। कुल 10 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। तिजोरी में रखे सभी जेवर सुरक्षित दमकल कर्मियों के मुताबिक, शोरूम में रखे सभी जेवर एक तिजोरी (वॉल्ट) के अंदर थे। आग लगने के बावजूद तिजोरी में रखे जेवर पूरी तरह सुरक्षित हैं। दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने की वजह का भी पता नहीं चलता है।

