छत्तीसगढ़ के धमतरी में मराठापारा और बांसपारा में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले एक गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, 6 नाबालिगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों ने नकाब पहनकर गाली-गलौज और तोड़फोड़ की थी। पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच की है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मराठापारा और बांसपारा में 15 से 20 युवक इकट्ठा हुए थे। सभी ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। उनके हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे। आरोप है कि युवकों ने मोहल्ले में लोगों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इससे इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना के बाद मराठापारा के रहवासियों ने पुलिस से लिखित शिकायत की। इसके आधार पर सिटी कोतवाली थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन (19), निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मामले में शामिल 6 नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

