पलवल में वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार:चोरी की 5 बाइक बरामद, नूंह के रहने वाले, पहले भी केस दर्ज

पलवल में वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार:चोरी की 5 बाइक बरामद, नूंह के रहने वाले, पहले भी केस दर्ज

पलवल जिले में पुलिस की एवीटी स्टाफ हथीन टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान नूंह जिले के सिहरी गांव निवासी कयूम और रेहपुआ गांव निवासी पवन के रूप में की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में बाइक अस्पतालों के बाहर से चोरी की गई थीं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिल सके। एसपी दीप्ति गर्ग ने बताया कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एवीटी स्टाफ हथीन की टीमों ने अलग-अलग मामलों में दोनों आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की हैं। एसपी ने कहा कि अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निजी अस्पताल के बाहर से चोरी की थी बाइक चांदहट गांव निवासी अनिल कुमार ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बाइक एक निजी अस्पताल के बाहर खड़ी थी। वहां से कोई उसकी बाइक चोरी कर ले गया। मामले की जांच के दौरान एवीटी स्टाफ में तैनात हवलदार मुनफैद को सूचना मिली कि नूंह जिले के सिहरी गांव का रहने वाला कयूम चोरी की बाइक के साथ हथीन-उटावड़ बाईपास पर मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपी कयूम के खिलाफ पहले भी पुन्हाना सदर थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। सरकारी अस्पताल की पार्किंग से चुराई थी बाइक दूसरे मामले में धिंगराका गांव निवासी अलीम ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बाइक सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास बनी पार्किंग से चोरी हो गई। इसके बाद एवीटी स्टाफ में तैनात हवलदार पवन को सूचना मिली कि नूंह जिले के रेहपुआ गांव का रहने वाला पवन चोरी की बाइक के साथ हथीन-उटावड़ बाईपास पर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर 2 अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से कुल 5 बाइक बरामद हुई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *