मुफ्त चावल पॉलिश कर बेचने का आरोप, AIADMK ने TVK सरकार की 30 रुपये स्कीम पर खड़े किए सवाल

मुफ्त चावल पॉलिश कर बेचने का आरोप, AIADMK ने TVK सरकार की 30 रुपये स्कीम पर खड़े किए सवाल

वरिष्ठ AIADMK नेता आर. बी. उदयकुमार ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर आरोप लगाया है कि वे आपदा प्रबंधन, जन सुरक्षा और महंगाई पर नियंत्रण के बजाय, अपने सहयोगियों के लिए कार्यालय की सजावट और सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं। एक वीडियो बयान में उदयकुमार ने नई बनी TVK सरकार की प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने राज्य में हाल ही में शुरू की गई उस योजना में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया, जिसके तहत 30 रुपये प्रति किलो की दर से बढ़िया किस्म के चावल बेचे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का काम क्या है? क्या बस मुख्यमंत्री कार्यालय को सजाना, पट्टिकाएं लगवाना और उनके आवास को सुंदर बनाना ही उनका काम है? आपदा और भारी बारिश के समय, युद्ध स्तर पर कदम उठाए जाने चाहिए। इसके बजाय, आपके प्रशासन को तो यह भी नहीं पता कि जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों को कैसे नियंत्रित किया जाए।

इसे भी पढ़ें: तमिलनाडु में Election Commission की बैठक से TVK और DMK सहित कई दलों ने किया वॉकआउट

उदयकुमार ने राज्य सरकार पर पुलिस बल के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु पुलिस बल ‘स्कॉटलैंड यार्ड’ के स्तर का है, लेकिन आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों को सार्वजनिक सुरक्षा और लापता लोगों से जुड़े मामलों पर ध्यान देने के बजाय, ईस्ट कोस्ट रोड से यात्रा कर रहे मुख्यमंत्री के दोस्तों और सहयोगियों को सुरक्षा देने के काम में लगाया जा रहा है। उदयकुमार ने बताया कि पिछले तीन महीनों में खुले बाजार में चावल की कीमत 30 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो हो गई है। उन्होंने कहा कि कीमतों को 100 रुपये प्रति किलो के पार जाने से रोकने के लिए, सरकार ने अच्छी किस्म के चावल को 30 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचने की योजना शुरू की है। हालाँकि, उन्होंने इस योजना को “खुलेआम लूट” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता द्वारा शुरू की गई एक योजना के तहत मुफ्त मिलने वाले 20 किलो चावल को लेती है, उसे पॉलिश करती है और फिर से पैक करके ‘अच्छी किस्म के चावल’ के रूप में 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचती है।

इसे भी पढ़ें: TVK और IUML का गठबंधन निकाय चुनाव और 2029 लोकसभा चुनाव में रहेगा बरकरार: मंत्री शाहजहां

उन्होंने दावा किया जिन लोगों ने ये चावल खरीदे हैं, वे अरियालुर, सलेम और नमक्कल जैसे जिलों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे अपने पैसे वापस मांग रहे हैं क्योंकि इन चावलों से बदबू आती है और ये इतने खराब हैं कि मुर्गियों के चारे के लायक भी नहीं हैं।” उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले भी DMK सरकार को इसी तरह के जन-आक्रोश का सामना करना पड़ा था, जब उसने बाजार की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सड़े हुए प्याज बेचने की कोशिश की थी। उधयकुमार ने मांग की कि सरकार खरीद प्रक्रिया पर एक ‘श्वेत पत्र’ (white paper) जारी करे। अगर सरकार का दावा है कि वह मुफ्त मिलने वाले चावलों को पॉलिश नहीं कर रही है, तो फिर ये नए चावल कहाँ से खरीदे गए? इसके लिए टेंडर कहाँ जारी किया गया था? ये किससे खरीदे गए, कितनी मात्रा में खरीदे गए और किस कीमत पर खरीदे गए?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *