जियो प्लेटफॉर्म्स समर्थित स्वदेशी एआई एजेंटिक कॉमर्स मंच ‘ग्लांस’ ने उपभोक्ता क्षेत्र पर केंद्रित निवेश कंपनी एल कैटरटन से नई इक्विटी शेयर जारी कर अघोषित राशि जुटाने की सोमवार को जानकारी दी। इनमोबी और ग्लांस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नवीन तिवारी ने कहा, ‘‘एल कैटरटन उपभोक्ता क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित निवेश कंपनियों में से एक है। उसके पास ऐसे ब्रांडों की पहचान करने और उन्हें विकसित करने का असाधारण रिकॉर्ड है, जो अपने क्षेत्र में नई पहचान बनाते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ग्लांस में निवेश करने का उसका फैसला हमारे बनाए खरीदारी मॉडल की पुष्टि करता है।
हमारा मानना है कि वाणिज्य का भविष्य खोज के दायरे से आगे बढ़कर एजेंटिक शॉपिंग की ओर जाएगा।’’
एल कैटरटन निजी इक्विटी, ऋण एवं रियल एस्टेट के लिए समर्पित विभिन्न मंचों के जरिये करीब 40 अरब डॉलर की इक्विटी पूंजी का प्रबंधन करती है। ग्लांस ने चार साल से अधिक के अंतराल के बाद नए इक्विटी शेयर जारी कर नई पूंजी जुटाई है। कंपनी ने इससे पहले फरवरी 2022 में जियो प्लेटफॉर्म्स से 20 करोड़ डॉलर जुटाए थे।
उस समय कंपनी का उद्यम मूल्यांकन अनुमानित तौर पर 1.7 अरब डॉलर से 1.8 अरब डॉलर के बीच था। दिसंबर 2020 में गूगल ने मौजूदा निवेशक मिथ्रिल कैपिटल के साथ मिलकर 14.5 करोड़ डॉलर के निवेश दौर का नेतृत्व किया था। वैश्विक उपभोक्ता-केंद्रित निवेश कंपनी एल कैटरटन के वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्कॉट डैनके ने कहा, ‘‘एजेंटिक कॉमर्स उपभोक्ताओं के उत्पादों को खोजने और खरीदने के तरीके में बुनियादी बदलाव ला रहा है।
इससे उन ब्रांडों के लिए बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं, जो खरीदारी की प्रक्रिया को अधिक व्यक्तिगत, सहज और आकर्षक बना सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ग्लांस इस बदलाव का लाभ उठाने के लिए विशिष्ट स्थिति में है। यह उपभोक्ताओं को अलग तरह की पेशकश करने के साथ उन स्क्रीन तक व्यापक पहुंच उपलब्ध कराता है, जहां लोग अपना समय बिताते हैं। ’’
एजेंटिक कॉमर्स से तात्पर्य ऐसी खरीदारी है जिसमें कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित एजेंट उपभोक्ता की जरूरत और निर्देश के अनुसार उत्पाद खोजने, उनकी तुलना करने एवं खरीदारी की प्रक्रिया में मदद करने के साथ कुछ कदम खुद भी उठा सकते हैं।

