राउंड हो या ओवल फेस, हर चेहरे के लिए होती है अलग कंटूरिंग, जानें स्टेप बाय स्टेप तरीका

राउंड हो या ओवल फेस, हर चेहरे के लिए होती है अलग कंटूरिंग, जानें स्टेप बाय स्टेप तरीका

How To Contour Face: फेस्टिव और वेडिंग सीजन में अपने लुक को खास बनाने के लिए महिलाएं आउटफिट, ज्वेलरी और हेयर स्टाइल के साथ मेकअप पर भी खास ध्यान देती हैं। लेकिन कई बार खुद से मेकअप करने के बाद भी चेहरे को वैसा शेप और डिफाइंड लुक नहीं मिल पाता, जैसा प्रोफेशनल मेकअप में नजर आता है। ऐसे में फेस कंटूरिंग की मदद से चेहरे की बनावट को उभारकर मनचाहा लुक पाया जा सकता है। आइए जानते हैं, फेस कंटूरिंग करने का सही तरीका और इससे जुड़ी जरूरी बातें।

Face Contouring क्या होती है?

फेस कंटूरिंग मेकअप की एक तकनीक है, जिसमें चेहरे के कुछ हिस्सों पर त्वचा के रंग से गहरे शेड का इस्तेमाल करके शैडो बनाया जाता है। इससे गालों की हड्डियां अधिक उभरी हुई और जॉलाइन ज्यादा डिफाइंड दिखाई दे सकती है। वहीं, हाइलाइटर की मदद से चेहरे के ऊंचे हिस्सों को उभारा जाता है।

चेहरे को कंटूर करने के लिए अपनाएं ये स्टेप्स

1. सबसे पहले मेकअप बेस करें

कंटूरिंग से पहले चेहरे को साफ करें और त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगाएं। दिन में मेकअप कर रही हैं, तो सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। इसके बाद जरूरत के अनुसार प्राइमर और फाउंडेशन लगाएं। अगर चेहरे पर दाग-धब्बे हैं, तो उन्हें छिपाने के लिए कंसीलर का इस्तेमाल कर सकती हैं। बेस को अच्छी तरह सेट होने दें, ताकि कंटूरिंग करते समय मेकअप पैची न दिखे।

2. त्वचा के अनुसार चुनें कंटूर शेड

कंटूरिंग का नेचुरल लुक पाने के लिए सही शेड चुनना जरूरी है। इसलिए ऐसा रंग चुनें, जो आपकी त्वचा के अंडरटोन से मेल खाता हो और चेहरे पर प्राकृतिक शैडो जैसा प्रभाव दे। आमतौर पर त्वचा और फाउंडेशन से एक या दो शेड गहरा कंटूर इस्तेमाल किया जा सकता है। बहुत गहरा या गलत अंडरटोन वाला शेड चेहरे पर अलग से दिखाई दे सकता है। कंटूर क्रीम, लिक्विड और पाउडर फॉर्म में उपलब्ध होता है। क्रीम और लिक्विड कंटूर को फाउंडेशन के ऊपर लगाकर अच्छी तरह ब्लेंड किया जा सकता है। पाउडर कंटूर आमतौर पर सेट किए गए बेस पर इस्तेमाल किया जाता है। प्रोडक्ट चुनते समय अपनी त्वचा और मेकअप की जरूरत का ध्यान रखें।

3. माथे के किनारों पर लगाएं कंटूर

माथे को डिफाइंड लुक देने के लिए हेयरलाइन और कन के आसपास थोड़ी मात्रा में कंटूर लगाएं। इसे हल्के हाथों से ब्लेंड करें, ताकि कोई लाइन नजर न आए। अगर आपका माथा छोटा है, तो बहुत ज्यादा कंटूर लगाने से बचें, क्योंकि इससे माथा और छोटा दिखाई दे सकता है।

4. गालों की हड्डियों को दें उभरा हुआ लुक

गालों की हड्डियों के नीचे कंटूर लगाएं। इसके लिए कान के पास से शुरुआत करके गालों के बीच की दिशा में हल्के हाथों से प्रोडक्ट ब्लेंड करें। कंटूर को बहुत नीचे तक न फैलाएं, वरना चेहरा थका हुआ या भारी दिखाई दे सकता है।

5. जॉलाइन को करें डिफाइन

जॉलाइन को अधिक साफ दिखाने के लिए जबड़े के किनारों के नीचे हल्का कंटूर लगाएं। इसे गर्दन की तरफ अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि चेहरे और गर्दन के बीच रंग का अंतर नजर न आए। कंटूर की लाइन साफ दिखाने के बजाय अच्छी तरह ब्लेंड करें।

6. नाक को कंटूर करने का सही तरीका

नाक को अधिक डिफाइंड दिखाने के लिए उसके दोनों किनारों पर पतली और हल्की लाइन में कंटूर लगाएं। इसके बाद छोटे ब्रश या मेकअप स्पंज की मदद से इसे ब्लेंड करें।

7. हाइलाइटर से उभारें चेहरे के ऊंचे हिस्से

कंटूरिंग के बाद गालों की हड्डियों के ऊपरी हिस्से और नाक के बीच हल्का हाइलाइटर लगाएं। चाहें तो आइब्रो के नीचे और ऊपरी होंठ के बीच के हिस्से पर भी थोड़ी मात्रा में हाइलाइटर लगा सकती हैं।

8. ब्लश लगाकर पूरा करें मेकअप

आखिर में गालों पर अपनी पसंद का ब्लश लगाएं। ध्यान रखें कि ब्लश, कंटूर और हाइलाइटर के बीच साफ लाइन न दिखें। सभी प्रोडक्ट्स को अच्छी तरह ब्लेंड करें। जरूरत के अनुसार सेटिंग स्प्रे लगाकर मेकअप को फिनिशिंग टच दे सकती हैं।

फेस शेप के अनुसार कैसे करें कंटूरिंग?

हर चेहरे की बनावट अलग होती है, इसलिए कंटूरिंग का तरीका भी उसी के अनुसार चुना जा सकता है।

ओवल फेस: गालों की हड्डियों के नीचे हल्का कंटूर लगाएं और कान के पास जरूरत के अनुसार शैडो बनाएं। हाइलाइटर को गालों की हड्डियों के ऊपरी हिस्से पर लगा सकती हैं।

राउंड फेस: गालों की हड्डियों के नीचे और कान के आसपास कंटूर लगाकर चेहरे को अधिक डिफाइंड लुक दिया जा सकता है। जॉलाइन पर भी हल्का कंटूर लगाया जा सकता है।

स्क्वायर फेस: माथे के किनारों और जॉलाइन पर हल्का कंटूर लगाएं। गालों की हड्डियों के नीचे भी जरूरत के अनुसार शैडो बनाएं और अच्छी तरह ब्लेंड करें।

लंबा चेहरा: माथे के ऊपरी किनारों और ठुड्डी के निचले हिस्से पर हल्का कंटूर लगाया जा सकता है। गालों के नीचे बहुत ज्यादा कंटूर लगाने से बचें, ताकि चेहरा और लंबा न दिखे।

हार्ट शेप फेस: माथे के किनारों पर हल्का कंटूर लगाएं। गालों की हड्डियों के नीचे जरूरत के अनुसार शैडो बनाएं और ठुड्डी पर बहुत ज्यादा कंटूर लगाने से बचें। ध्यान दें, ये सामान्य मेकअप तकनीकें हैं। इन्हें अपने चेहरे की बनावट और पसंद के अनुसार बदला जा सकता है।

कंटूरिंग करते समय न करें ये गलतियां

  • जरूरत से ज्यादा प्रोडक्ट लगाने के बदले शुरुआत में कम मात्रा लें और जरूरत के अनुसार इसे बढ़ाएं।
  • कंटूर और ब्रॉन्जर एक नहीं होता है। इसलिए दोनों का इस्तेमाल सही से करें।
  • हाइलाइटर का ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *