अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया। पुलिस के अनुसार- देसूला निवासी सोहन कुमार उद्योग नगर स्थित ’20 माइक्रो’ कंपनी में काम करता था। रविवार रात करीब 9 बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सोहन को अलवर जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। डेढ़ महीने की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया परिजनों ने बताया कि सोहन ही परिवार का पालन-पोषण करता था। डेढ़ महीने पहले ही उसकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था, जिससे घर में खुशी का माहौल था। अचानक हुए इस हादसे से मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

