आगरा के फतेहाबाद में शरद पूर्णिमा पर ब्रज की अनूठी लोक परंपरा टेसू-झेंझी का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ टेसू-झेंझी का विवाह रचाया और प्रसाद वितरित किया। मुख्य आयोजन चौराहा मोहल्ला में समाजसेवी उत्तमचंद ज्वेलर्स की ओर से किया गया। इस दौरान बच्चों ने पारंपरिक लोकगीत गाकर विवाह की रस्में निभाईं। विवाह संपन्न होने के बाद आतिशबाजी की गई और लोगों को प्रसाद बांटा गया। शरद पूर्णिमा की रात टेसू-झेंझी के विसर्जन के साथ उत्सव का समापन हुआ। आयोजन में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टेसू-झेंझी की परंपरा ब्रज संस्कृति की पहचान है। यह आयोजन बच्चों को लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी है।

