छत्तीसगढ़ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने जांच अभियान चलाया है। 24 और 25 अक्टूबर को हुई कार्रवाई में 364 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनसे 4 लाख 81 हजार 300 रुपए समन शुल्क वसूला गया। गंभीर मामलों में 5 वाहनों को जब्त किया गया है। वहीं, नियमों के खिलाफ वाहन चलाने के 19 मामलों में परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं। इनमें 17 मामले रायपुर जिले के हैं।
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना परमिट के 12 वाहन चलते मिले। वहीं, 10 वाहनों के पास फिटनेस प्रमाण पत्र, 3 के पास बीमा और 27 के पास प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र नहीं था। इनके अलावा यातायात और परिवहन नियमों के उल्लंघन के 312 अन्य मामले भी सामने आए। दस्तावेज नहीं होने पर होगी कार्रवाई परिवहन विभाग ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

