रेवाड़ी में तेल चोरी और उसके अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गज्जीवास गांव में एक मकान पर छापा मारा। यहां से पुलिस ने 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। छापेमारी के दौरान एक पिकअप गाड़ी, आधा दर्जन से अधिक खाली ड्रम और टैंकरों से तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में टैंकरों से तेल निकालकर उसका अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद मॉडल टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। राजस्थान के सीमावर्ती गांवों में किया जा रहा सप्लाई करनावास स्थित तेल डिपो के आसपास लंबे समय से तेल के अवैध कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। बताया जा रहा है कि इस कारोबार में शामिल लोग तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों से कथित सांठगांठ कर तेल चोरी करते हैं। इसके बाद चोरी किए गए तेल को आसपास के इलाकों और राजस्थान के सीमावर्ती गांवों में सप्लाई किया जाता है। पुलिस ने शनिवार को भी गांव खजूरी के पास हाईवे पर कार्रवाई कर 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर बरामद किया था। लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से तेल के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। चारदीवारी वाले प्लॉट में रखे थे ड्रम पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर सूचना के आधार पर गज्जीवास गांव स्थित मकान पर छापा मारा गया। यहां तेल निकालने का काम किए जाने का पता चला। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। जांच के दौरान गुरुग्राम जिले के कादीपुर गांव के निवासी और वर्तमान में भिवाड़ी मोड़ पर रहने वाले व्यक्ति के चारदीवारी वाले प्लॉट से पेट्रोल और थिनर से भरे ड्रम मिले। पुलिस ने मौके से पिकअप गाड़ी, खाली ड्रम और तेल निकालने के उपकरण भी जब्त किए हैं। टैंकर चालकों से सांठगांठ की आशंका बताया जा रहा है कि तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य करनावास तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों से कथित मिलीभगत कर तेल निकालते हैं। इसके बाद इसे आसपास के क्षेत्रों और राजस्थान के नजदीकी गांवों में सप्लाई किया जाता है। डिपो के आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में लंबे समय से इस तरह के अवैध कारोबार की शिकायतें मिलती रही हैं। पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। शनिवार को भी पकड़ा था 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर इससे एक दिन पहले शनिवार को पुलिस ने हाईवे पर गांव खजूरी के पास कार्रवाई करते हुए 2200 लीटर पेट्रोल और थिनर बरामद किया था। अब रविवार को गज्जीवास गांव में हुई कार्रवाई में 1500 लीटर पेट्रोल और थिनर मिला है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

