जालौन में शनिवार को मकान की दीवार तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो रविवार दोपहर करीब 1 बजे सामने आया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल भेजा है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है।
ग्राम लौना निवासी अमर सिंह पुत्र श्यामचरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात उनका बेटा भरत घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान परिवार के ही सुरेश, चंद्रशेखर और रमेश पुत्र मुलू वहां पहुंचे। आरोप है कि मकान की दीवार तोड़ने को लेकर तीनों गाली-गलौज करने लगे। भरत ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
बेटे को बचाने पहुंचे अमर सिंह को भी पीटा गया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मकान निर्माण में अवरोध करने का आरोप लगाते हुए मारपीट की शिकायत की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर बाबू ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायतें मिली हैं। एक पक्ष की शिकायत पर एनसीआर दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

