महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास प्रस्तावित नवी मुंबई एयरपोर्ट इन्फ्लूएंस नोटिफाइड एरिया (नैना) शहर में 15 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जिनमें पांच लाख उच्च वेतन वाली नौकरियां होंगी। फडणवीस ने कहा कि स्थानीय लोगों को इन अवसरों में प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। नैना को ‘तीसरी मुंबई’ बताते हुए फडणवीस ने कहा कि यह नियोजित शहरी केंद्र अगले 50 वर्षों में महाराष्ट्र के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।
रायगढ़ जिले में नैना की विकास परियोजनाओं की शुरुआत और उरण बाइपास सड़क का उद्घाटन करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘यहां 15 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इनमें पांच लाख उच्च वेतन वाली नौकरियां होंगी, जबकि 10 लाख रोजगार बुनियादी से मध्यम स्तर के होंगे। हमारा प्रयास है कि इन अवसरों पर पहला अधिकार स्थानीय लोगों का हो।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को केवल विमानन सुविधा के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह क्षेत्र के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को बढ़ावा देने वाला आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि जीडीपी वृद्धि और विकास का अगला चरण नैना से आएगा।
फडणवीस ने कहा कि अगले पांच दशक में ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़ और पालघर क्षेत्र महाराष्ट्र के आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां मुंबई, मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर जैसे अलग-अलग विकास केंद्र हैं।
नियोजित शहरीकरण से व्यापक आर्थिक और सामाजिक अवसर पैदा हो सकते हैं।’’ मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि नैना परियोजना में देरी हुई क्योंकि किसानों को भूमि आवंटन प्रक्रिया पर भरोसा नहीं था।

