रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज के चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि कंपनी की बिक्री बुकिंग चालू वित्त वर्ष में 22 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 41,500 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है। गोदरेज ने कहा कि आवासीय संपत्तियों की मजबूत मांग से कंपनी अपने सालाना लक्ष्य को पार कर सकती है। उन्होंने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा कि जिन बाजारों में कंपनी की मौजूदगी है, वहां उसकी नई और पहले से चल रही आवासीय परियोजनाओं में ग्राहकों की मांग काफी मजबूत बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता के बावजूद समूचे रियल एस्टेट बाजार में आवासीय संपत्तियों की मांग बनी हुई है और इसमें स्थिरता है। पिरोजशा ने कहा कि कंपनी बिक्री बुकिंग, नई परियोजनाओं की शुरुआत, ग्राहकों से धन संग्रह, परियोजनाओं की आपूर्ति और जमीन अधिग्रहण सहित सभी प्रमुख मानकों पर अपने सालाना लक्ष्य को हासिल करने या उससे बेहतर प्रदर्शन करने की राह पर है। उन्होंने कहा, ‘‘चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में हमें 22,500 करोड़ रुपये से 25,000 करोड़ रुपये तक की बिक्री की उम्मीद है।
इस दायरे का निचला स्तर भी हमें अपने पिछले लक्ष्य से आगे ले जाएगा, जबकि ऊपरी स्तर पर हम लक्ष्य से काफी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और सालाना आधार पर 20 प्रतिशत वृद्धि हासिल करेंगे।’’
बीते वित्त वर्ष 2025-26 में गोदरेज प्रॉपर्टीज ने 34,171 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची थीं। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बिक्री बुकिंग का लक्ष्य 39,000 करोड़ रुपये रखा था। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी की बिक्री बुकिंग सात प्रतिशत बढ़कर 16,659 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 15,587 करोड़ रुपये थी।
पिरोजशा ने कहा, ‘‘हमारी ऐसी कोई परियोजना नहीं है जहां बिक्री या मांग को लेकर हम निराश हों। कंपनी के स्तर पर मांग काफी मजबूत रही है।’’
उन्होंने बताया कि चालू परियोजनाओं में बिक्री बुकिंग भी मजबूत रही है। सितंबर तिमाही में इन परियोजनाओं से बिक्री बुकिंग सालाना आधार पर 83 प्रतिशत बढ़कर 5,054 करोड़ रुपये हो गई।
भविष्य की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही कंपनी के लिए बिक्री के लिहाज से अबतक की सबसे अच्छी तिमाही हो सकती है, क्योंकि इस दौरान कई बड़ी परियोजनाएं पेश की जानी हैं।

