गोंडा में रविवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) की पहली पाली में 1729 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक 16 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 7128 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 5399 ही परीक्षा देने पहुंचे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दूसरी पाली की परीक्षा देने के लिए गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के अलावा देवीपाटन मंडल के बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे हैं। दोपहर एक बजे से परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ जुटने लगी। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का एआई तकनीक से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। तीन चरणों की जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।
कान की बालियां उतरवाकर जांच अभ्यर्थियों को पेन, आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और रुपए के अलावा अन्य सामग्री अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। महिला अभ्यर्थियों की कान की बालियां भी उतरवाई जा रही हैं। केंद्रों पर सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी अभिषेक झा, कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला और जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि पहली पाली में 1729 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली के लिए जांच प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

