MLC चुनाव-2026 ध्रुव बोले- चुनाव के बाद बहुत रीलैक्स हूं:संजयन बोले- 20 दिन में 6 किलो वजन कम हुआ, मतगणना में जुटे सभी प्रत्याशी

MLC चुनाव-2026 ध्रुव बोले- चुनाव के बाद बहुत रीलैक्स हूं:संजयन बोले- 20 दिन में 6 किलो वजन कम हुआ, मतगणना में जुटे सभी प्रत्याशी

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान खत्म होने के बाद भी प्रत्याशियों की बेचैनी कम नहीं हुई है। भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी परिवार के बीच समय बिताने के साथ सिद्धार्थनगर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। वहीं, सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी अब भी सक्रिय हैं। उनके यहां सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट रही है। तीसरे प्रत्याशी अजय सिंह के कार्यालय पर अपेक्षाकृत कम चहल-पहल दिखी, लेकिन वहां भी समर्थक आगे की रणनीति बनाने में जुटे रहे। बाकी के अन्य प्रत्याशी अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। सभी को 27 अक्टूबर का इंतजार है। जिस दिन मतगणना किया जाएगा। किसी को अपनी मेहनत पर भरोसा है तो किसी को मतगणना में गड़बड़ी की आशंका सता रही है। देखिए 3 तस्वीरें 18 साल का राजनीतिक अनुभव चुनाव में आया काम : ध्रुव त्रिपाठी भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी मतदान के बाद अपने घर गए और परिवार के साथ समय बिताया। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थनगर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान खाना-पीना और सोना तक मुश्किल हो गया था। कब दिन हो रहा है, कब शाम और कब रात, इसका पता ही नहीं चलता था। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उनका एक ही मकसद था कि शिक्षकों के बीच जाकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनी जाएं। 18 साल की राजनीतिक यात्रा का अनुभव इस चुनाव में काफी काम आया। शिक्षकों से सीधे संवाद करने और उनकी बात समझने का प्रयास किया। मतगणना से पहले लड्डू और ढोल-नगाड़ों की बुकिंग के सवाल पर ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें खुद इसकी व्यवस्था नहीं करनी पड़ती। कार्यकर्ता इस तरह के इंतजाम पहले से ही कर देते हैं। वजन 5-6 किलो घटा, रिजल्ट आने के बाद ही मिलेगी राहत : संजयन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी मतदान के बाद भी सक्रिय हैं। शनिवार सुबह से ही उनके यहां कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया। चुनाव प्रचार की थकान के बावजूद वह कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं और मतगणना की तैयारियों पर भी नजर रख रहे हैं। डॉ. संजयन त्रिपाठी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि मतदान के बाद भी वह तीन से चार घंटे ही सो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद ही राहत मिलेगी, वह भी तब जब परिणाम उनके पक्ष में आएगा। चुनाव प्रचार के दौरान उनका वजन पांच से छह किलो तक घट गया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं से मिल पाना संभव नहीं था, लेकिन जिस क्षेत्र में भी गए, वहां शिक्षकों ने बहुत प्यार दिया। आगे भी शिक्षकों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को उठाते रहेंगे। मतगणना में गड़बड़ी की आशंका, काउंटिंग एजेंट तैयार कर रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि मतगणना को लेकर मन में आशंका है कि कहीं कोई गड़बड़ी न हो जाए। इसी को देखते हुए उनके समर्थक काउंटिंग एजेंट तैयार कर रहे हैं, ताकि मतगणना के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। घर पर उनकी पसंद का खाना बना या नहीं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी किसी चीज में मन नहीं लग रहा है। पूरा ध्यान 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर लगा हुआ है। ‘पिछली बार की कमी इस बार पूरी कर ली’, अजय सिंह को जीत की उम्मीद तीसरे प्रत्याशी अजय सिंह के कार्यालय पर शनिवार को अन्य प्रत्याशियों की तुलना में कम भीड़ नजर आई। कार्यालय के बाहर कुछ समर्थक बैठे हुए थे और आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे थे। दैनिक भास्कर से बातचीत में अजय सिंह ने जीत की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि जीत की लहर उनके पक्ष में है। पिछली बार जो कमी रह गई थी, उसे इस बार पूरा कर लिया गया है। अब उन्हें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना का इंतजार है। तीनों प्रत्याशी अपने-अपने दावों और उम्मीदों के साथ मतगणना की तैयारी में जुटे हैं। मतदान के बाद प्रचार का शोर थम चुका है, लेकिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें अब नतीजे पर टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *