भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन (आईएडीवीएल) के 47वें दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन में शनिवार को लेजर सर्जरी के बाजारीकरण पर गहन चिंतन हुआ। विशेषज्ञों ने लेजर सर्जरी की विधाओं पर प्रकाश डाला। त्वचा आरोग्य सेवा न्यास के संयोजन में जयपुर-जोधपुर बाईपास स्थित रिसॉर्ट में आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश से आए विशेषज्ञों ने एनजी याग लेजर, CO₂ लेजर और पीको लेजर सर्जरी की विधाओं पर अपने विचार और अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किन परिस्थितियों में किस विधा का उपयोग होना चाहिए। वर्तमान युग में देश भर में अनट्रेंड लोगों ने इसे कमाई का जरिया बना रखा है, लेकिन उससे त्वचा को भारी नुकसान पहुंचता है। सम्मेलन में आयु के अनुसार शारीरिक बदलावों और नाखून से संबंधित रोगों पर भी चर्चा हुई। करीब 450 से अधिक त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन चिकित्सा क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले 9 वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया। वहीं, त्वचा स्वास्थ्य पर आधारित महत्वपूर्ण पुस्तक ‘स्किन कंपास’ का विमोचन भी किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश माथुर, डॉ. यू.एस. अग्रवाल और डॉ. संजीव हांडा विशिष्ट अतिथि रहे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी.सी. घिया ने स्वागत भाषण में सम्मेलन के वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। समारोह में संरक्षक डॉ. आर.ए. बंब, आईएडीवीएल राजस्थान अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कोठीवाला, सचिव डॉ. सुरेंद्र थालोर, मुख्य समन्वयक डॉ. आर.डी. मेहता, आयोजन सचिव डॉ. मोहित बंसल और वैज्ञानिक समिति अध्यक्ष डॉ. प्रसून सोनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। लाइव प्रेजेंटेशन में साझा की आधुनिक उपचार पद्धतियां सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों और कार्यशालाओं में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने पावर पॉइंट और लाइव प्रेजेंटेशन के जरिए त्वचा रोगों के आधुनिक इलाज, सटीक निदान और नई तकनीकों पर अनुभव साझा किए। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश दत्त मेहता ने बताया कि त्वचा की गंभीर बीमारियों के प्रभावी इलाज के लिए समय पर पहचान और आधुनिक तकनीकों का प्रयोग बेहद जरूरी है। स्किन कंपास, पुस्तक का हुआ विमोचन : उद्घाटन सत्र का प्रमुख आकर्षण डॉ. दिनेश माथुर के संपादन में तैयार पुस्तक स्किन कंपास (आपकी त्वचा, आपका स्वास्थ्य) का विमोचन रहा। यह पुस्तक आमजन को त्वचा की देखभाल, बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान और सही समय पर डॉक्टरी सलाह के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इन वरिष्ठ चिकित्सकों को मिला सम्मान डॉ. दिनेश माथुर को गुरु रत्न अवार्ड, डॉ. एमके सिंघी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, डॉ. दीपक कुमार माथुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, डॉ. आरए बंब को बीकाणा डर्मा श्री अवार्ड, डॉ. दिलीप कच्छावा को डर्मा इनोवेटर ऑफ द ईयर अवार्ड, डॉ. विनोद जैन को टीचर ऑफ द ईयर इन डर्मेटोलॉजी अवार्ड, डॉ. राजीव खुल्लर को ओरेशन अवार्ड, डॉ. मनीषा निजहावन को डर्मा आइकॉन अवार्ड, डॉ. मुकुल शर्मा को द डर्मेटोलॉजी मेस्ट्रो अवार्ड।

