मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की मौत के बाद नशे के खिलाफ कार्रवाई और विरोध के सुर और तेज हो गए हैं। इसी मामले को लेकर गुरदासपुर में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के पंजाब यूथ प्रधान इंद्रपाल सिंह बैंस ने यूनियन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। तस्करों के नाम सार्वजनिक करने और होर्डिंग लगाने का ऐलान बैठक के दौरान यूथ प्रधान इंद्रपाल सिंह बैंस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि गुरदासपुर जिले के प्रमुख इलाकों में नशा बेचने वाले तस्करों की सूचियां तैयार कर उनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और पुलिस ने तस्करों पर जल्द ही कोई सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो यूनियन खुद तस्करों के नाम बड़े-बड़े होर्डिंग बोर्ड्स पर लिखकर गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाएगी। सरकार और पुलिस प्रशासन पर साधा निशाना बैंस ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार नशे की रोकथाम करने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। नशा तस्कर बेखौफ होकर खुलेआम घूम रहे हैं और नशे का कारोबार जारी है। इसी विफलता के विरोध में यूनियन को यह सख्त कदम उठाने का फैसला लेना पड़ा है।

