Woman Molestation: बारामती के एक नामी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में इलाज कराने गई महिला ने डॉक्टर पर जांच के दौरान गलत तरीके से छूने और आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बारामती शहर पुलिस के अनुसार महिला 19 अक्टूबर को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। सलाइन चढ़ने के बाद डॉक्टर ने उसे अपने केबिन में बुलाया। उस समय महिला का छोटा बेटा भी उसके साथ था।
पीठ से जुड़े व्यायाम करने को कहा
महिला ने शिकायत में बताया कि डॉक्टर ने कुछ जांच करने के बाद उसे पीठ से जुड़े व्यायाम करने को कहा। इस दौरान डॉक्टर बार-बार उसके करीब आ रहे थे। महिला ने दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर फिर उसके पास आ गए। महिला के अनुसार, हाथ पीछे की ओर खींचने का व्यायाम करते समय डॉक्टर ने उसकी कमर पर हाथ लगाया और पूछा कि क्या उसके सीने में धड़कन तेज हो रही है। इस व्यवहार से असहज होकर महिला ने आगे व्यायाम करने से मना कर दिया और दवाइयां देने को कहा। इसके बाद वह घर लौट गई।
महिला मानसिक रूप से परेशान
महिला ने शिकायत में यह भी कहा कि घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थी। दशहरे के दिन डॉक्टर ने उसे वॉट्सऐप पर शुभकामनाएं भेजीं। इसके जवाब में महिला ने उस दिन के व्यवहार पर सवाल उठाया। महिला का दावा है कि डॉक्टर ने संदेश भेजकर माफी मांगी और आगे ऐसा नहीं करने की बात कही। महिला का पति नौकरी के सिलसिले में बाहर था। उसके बारामती लौटने पर महिला ने उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने किया खुलासा
वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के बारामती में कारोबारी राणा सूर्यवंशी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुणे ग्रामीण पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, कारोबारी ने मंत्रियों और अन्य बड़े लोगों की तरह पुलिस सुरक्षा पाने की इच्छा से खुद पर जानलेवा हमले की साजिश रची थी। इस मामले में तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह जानकारी सामने आई।

