करनाल में आर्यन हत्याकांड के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमेश तनेजा उर्फ काकून निवासी गली नंबर 3, शांति नगर, थाना रामनगर, करनाल के रूप में हुई है। सीआईए-1 की टीम ने शनिवार देर शाम रामनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उसे काबू किया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि हिमेश तनेजा भी आर्यन की हत्या की वारदात में शामिल था। इससे पहले पुलिस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 12 अक्टूबर को दर्ज हुआ था हत्या का मामला पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को थाना सिविल लाइन, करनाल में आर्यन हत्याकांड के संबंध में हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के दिशा-निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के दौरान हिमेश तनेजा उर्फ काकून की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी पहले किरायेदार के रूप में गली नंबर 3, शांति नगर में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज है। सीआईए-1 की टीम ने की कार्रवाई सीआईए-1 स्टाफ के इंचार्ज संदीप सिंह के नेतृत्व में एएसआई मदन सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाएगी। कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। वारदात में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की गहन जांच के लिए पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

