भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज यानी शनिवार को झारखंड में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। नवीन सबसे पहले पूर्वाह्न 11 बजे से जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे और उसके बाद अपराह्न दो बजे राज्य कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे।
भाजपा की प्रदेश इकाई के एक नेता ने कहा कि ये बैठकें रांची के सुकुरहुटू में होंगी। नवीन झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम रांची पहुंचे। उनका यह दौरा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नए पदाधिकारियों और संगठनात्मक प्रभारियों की नियुक्ति के अलावा हाल में भाजपा की राज्य इकाई में किए गए फेरबदल के बाद हो रहा है।
भाजपा की झारखंड इकाई के एक अन्य नेता ने कहा, ‘‘यह पहला मौका है जब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे।’’
राज्य कार्यसमिति की बैठक में झारखंड की राजनीतिक स्थिति और राज्य में पार्टी की योजनाओं तथा प्राथमिकताओं पर चर्चा हो सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद नवीन का झारखंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने जून में राज्य का दौरा किया था।
रविवार को नवीन का संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने और स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ बातचीत करने का कार्यक्रम है।

