Delhi में सुधरी हवा, AQI 185 पर आकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचा

Delhi में सुधरी हवा, AQI 185 पर आकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचा

दिल्ली में तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ रहने के बाद शनिवार सुबह इसमें सुधार हुआ और यह ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई जिससे निवासियों को मामूली राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 185 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 230 (खराब) था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई कोशून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट देखी गई और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक लेकिन पिछले दिन की तुलना में 0.7 डिग्री कम है। अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई।

पालम में न्यूनतम तापमान पिछले दिन से 0.7 डिग्री कम 17.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 17.6 डिग्री और आयानगर में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *