सहारनपुर में नकली सिक्के बनाने वाला बिहार से गिरफ्तार:पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी, 12 सितंबर से कर रही थी तलाश

सहारनपुर में नकली सिक्के बनाने वाला बिहार से गिरफ्तार:पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी, 12 सितंबर से कर रही थी तलाश

सहारनपुर में नकली सिक्के बनाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी मिथिलेश चौरसिया को पुलिस ने बिहार के मधुबनी जिले से गिरफ्तार किया है। वह पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी संतोष चौरसिया का भाई है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर सहारनपुर ला रही है। यहां पूछताछ में नकली सिक्के बनाने और उनकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस ने बिहार के राजनगर क्षेत्र के लड्डू गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा है। इस मामले में 12 सितंबर को शहर कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का खुलासा किया था। मिथिलेश को भी मुकदमे में नामजद किया गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 रुपये के 6,400 नकली सिक्के बरामद किए थे। इनकी कुल कीमत 1.28 लाख रुपये बताई गई थी। इसके अलावा पांच लाख रुपये के अधबने सिक्के, 500 रुपये के 20 नोट और सिक्के बनाने वाली छह मशीनें मिली थीं। मौके से लोहे की पांच डाई, बिना मोहर वाली 39 डाई, मोहर लगी 20 डाई, आठ मोबाइल फोन, पॉलिश मशीन और दो कारें समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया था। पुलिस अब मिथिलेश से पूछताछ कर गिरोह में उसकी भूमिका, सिक्कों की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *