जयपुर-अजमेर हाईवे स्थित सोलर कंपनी में लगी भीषण आग, 18 दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी

जयपुर-अजमेर हाईवे स्थित सोलर कंपनी में लगी भीषण आग, 18 दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी

जयपुर। दूदू नगर पालिका क्षेत्र में जयपुर-अजमेर हाईवे स्थित ग्रुप एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की सोलर कंपनी के प्रोडक्शन प्लांट में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आसमान में उठती आग की लपटें करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं, जबकि धुएं के घने गुबार से आसपास का इलाका ढक गया। आग की लपटें बढ़ती देख प्लांट में काम कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी श्रमिकों को बाहर निकाला।

आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए जयपुर, किशनगढ़ और अजमेर से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कुल 18 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए 60 से अधिक फेरे लगाने पड़े। इसके बावजूद देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।

dudu fire
आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी (फोटो-पत्रिका)

शाम साढ़े पांच बजे लगी आग, तेजी से फैली लपटें

जानकारी के अनुसार, प्लांट में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक आग लगी। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने का अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगते ही प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों को स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ। शोर मचाकर अन्य श्रमिकों को सतर्क किया गया और सभी को परिसर से बाहर निकाला गया। इसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई और प्लांट का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।

dudu fire
आग लगने के बाद कंपनी के बाहर खड़े लोग (फोटो-पत्रिका)

आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही रोकी

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेश यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा, एसडीएम गुलाब सिंह वर्मा, डिप्टी अनुपम मिश्रा और दूदू थानाधिकारी संजय प्रसाद मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आग बुझाने के प्रयासों का जायजा लिया और दमकल संसाधनों की व्यवस्था करवाई। आग की चपेट में आए प्लांट में दमकलकर्मियों के अलावा अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा नहीं आए। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *