IGI Airport पर 4.8 करोड़ रुपये का Hydroponic Ganja जब्त, बैंकॉक से आईं दो महिलाएं पकड़ी गईं

IGI Airport पर 4.8 करोड़ रुपये का Hydroponic Ganja जब्त, बैंकॉक से आईं दो महिलाएं पकड़ी गईं

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से कथित तौर पर करीब 4.8 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी करके लाने के आरोप में दो भारतीय महिलाओं को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हाइड्रोपोनिक गांजा बिना मिट्टी के, केवल पानी और पोषक तत्वों के नियंत्रित घोल में कृत्रिम रूप से उगाया जाता है, जो सामान्य गांजे की अपेक्षा अत्यधिक नशीला होता है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बैंकॉक से 16 अक्टूबर को एक विमान से पहुंची महिला को यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर टर्मिनल-तीन पर रोकने के बाद एक्स-रे जांच और सामान तथा व्यक्तिगत तलाशी के लिए ग्रीन चैनल पर भेजा गया। बयान में कहा गया कि उसके पास से हरे पदार्थ वाले पॉलीथीन के दो पाउच बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 2.9 किलोग्राम था। इसमें कहा गया है कि शुरुआती जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.99 करोड़ रुपये है।

एक अन्य मामले में, बैंकॉक से 18 अक्टूबर को पहुंची एक अन्य भारतीय महिला को यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका गया और जांच तथा तलाशी के लिए ग्रीन चैनल पर भेजा गया। एक अन्य बयान के अनुसार, महिला के ट्रॉली बैग से हरे पदार्थ वाले पॉलीथीन के पांच पाउच बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 4.9 किलोग्राम था। बयान में कहा गया कि शुरुआती जांच में पाउच में हाइड्रोपोनिक गांजा होने की पुष्टि हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.8 करोड़ रुपये है।

दोनों मामलों में बरामद पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 43(क) के तहत जब्त किया गया और महिलाओं को अधिनियम की धारा 43(ख) के तहत गिरफ्तार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *