Healthy Nails Tips: करवाचौथ के साथ ही आने वाले दिनों दिवाली और भाई दूज जैसे कई त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में अगर आप अपने फेस्टिव लुक को खास बनाने के लिए आर्टिफिशियल नेल्स लगवाने के बजाय अपने असली नाखूनों को लंबा करना चाहती हैं, तो उनकी सही देखभाल करना जरूरी है। नाखूनों को रातोंरात लंबा करना संभव नहीं है, लेकिन कुछ आसान आदतों को अपनाकर उन्हें मजबूत बनाए रखने और टूटने से बचाने में मदद मिल सकती है। इससे नाखूनों को धीरे-धीरे बढ़ने और उनकी लंबाई बनाए रखने में मदद मिलती है। आइए जानते हैं कि नाखून कितनी तेजी से बढ़ते हैं और उन्हें लंबा व खूबसूरत बनाए रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
नाखून कितनी तेजी से बढ़ते हैं?
हेल्थलाइन (Healthline) के मुताबिक, हाथों के नाखून औसतन एक महीने में करीब 3.5 मिलीमीटर बढ़ते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति के नाखूनों की ग्रोथ एक जैसी नहीं होती। उम्र, हार्मोन, सेहत और मौसम जैसे कई कारक नाखूनों की बढ़ने की रफ्तार को प्रभावित कर सकते हैं। आमतौर पर जिस हाथ का इस्तेमाल ज्यादा किया जाता है, उसके नाखून दूसरे हाथ की तुलना में थोड़ी तेजी से बढ़ सकते हैं।
नाखूनों को साफ और सूखा रखें
मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, नाखूनों को स्वस्थ रखने के लिए उनकी साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। इसलिए हाथों और नाखूनों को साफ रखें, ताकि उनके नीचे गंदगी जमा न हो। साथ ही, नाखूनों को बार-बार या लंबे समय तक पानी के संपर्क में रखने से बचें, क्योंकि इससे वे कमजोर होकर टूट सकते हैं या उनमें दरारें पड़ सकती हैं।
नाखूनों और क्यूटिकल्स पर मॉइस्चराइजर लगाएं
जिस तरह चेहरे और हाथों की त्वचा को मॉइस्चराइज करना जरूरी है, उसी तरह नाखूनों और उनके आसपास की त्वचा का ध्यान रखना भी जरूरी है। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के मुताबिक, हाथों पर लोशन लगाते समय इसे नाखूनों और क्यूटिकल्स पर भी लगाना चाहिए। क्यूटिकल्स नाखूनों के निचले हिस्से के आसपास मौजूद त्वचा होती है, जो नाखूनों की सुरक्षा में मदद करती है।
नाखूनों को सही तरीके से काटें और शेप दें
अगर आप लंबे नाखून चाहती हैं, तो उन्हें काटना शायद आपको अच्छा न लगे। लेकिन समय-समय पर नाखूनों को सही शेप देना उनकी देखभाल का अहम हिस्सा है। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, नाखून काटने के लिए साफ नेल कटर या मैनीक्योर कैंची का इस्तेमाल करना चाहिए। नाखूनों को सीधा काटें और फिर उनके किनारों को नेल फाइल की मदद से हल्का गोल आकार दें। क्योंकि नाखूनों के किनारे खुरदरे होने पर वे कपड़ों या दूसरी चीजों में फंसकर टूट सकते हैं। इसलिए उनकी लंबाई के साथ-साथ किनारों को भी सही रखना जरूरी है। ध्यान दें, नाखूनों को काटने से उनकी ग्रोथ तेज नहीं होती, लेकिन सही तरीके से उनकी देखभाल करने से उन्हें टूटने से बचाने में मदद मिल सकती है।
नाखून चबाने और क्यूटिकल्स को खींचने से बचें
मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, नाखून चबाने और उनके आसपास की त्वचा को खींचने की आदत से नाखूनों और आसपास की त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। इससे संक्रमण होने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए अगर आपको नाखून चबाने या उंगलियों के आसपास की खाल खींचने की आदत है, तो इसे छोड़ने की कोशिश करें।
नेल पॉलिश रिमूवर और तेज केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कम करें
अगर आपको बार-बार नेल पॉलिश बदलना पसंद है, तो नाखूनों की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के मुताबिक, नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल सीमित रखना चाहिए। रिमूवर खरीदते समय एसीटोन-फ्री विकल्प चुन सकती हैं, क्योंकि एसीटोन कुछ लोगों के नाखूनों और उनके आसपास की त्वचा को रूखा बना सकता है। वहीं, हेल्थलाइन (Healthline) के अनुसार, आर्टिफिशियल नेल्स लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कुछ प्रोडक्ट्स और उन्हें हटाने के तरीकों से प्राकृतिक नाखून कमजोर हो सकते हैं। अगर आप अपने असली नाखूनों को लंबा करना चाहती हैं, तो कुछ समय तक आर्टिफिशियल नेल्स और उनसे जुड़े केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कम करना बेहतर हो सकता है। इससे प्राकृतिक नाखूनों को टूटने और नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है।

