आजमगढ़ में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे 2 अस्पताल सील:3 को नोटिस, बिलरियागंज और बिंद्रा बाजार में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी

आजमगढ़ में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे 2 अस्पताल सील:3 को नोटिस, बिलरियागंज और बिंद्रा बाजार में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी

आजमगढ़ में बिना वैध पंजीकरण के चल रहे निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। बिलरियागंज और बिंद्रा बाजार में औचक निरीक्षण के दौरान दो अस्पतालों को सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग की कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा को मिली सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल और पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल की टीम ने अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंजीकरण, चिकित्सा सुविधाओं और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जांच की गई। 5 बेड का NICU मिला, एक मरीज भर्ती था निरीक्षण के दौरान बिलरियागंज स्थित श्री साईंनाथ चाइल्ड केयर बिना पंजीकरण के संचालित मिला। अस्पताल में पांच बेड की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) चलती मिली। मौके पर एक मरीज भी भर्ती था। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज की सुरक्षा और समुचित उपचार को ध्यान में रखते हुए उसे नजदीकी राजकीय अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्षेत्र में जनसेवा नर्सिंग होम का भी निरीक्षण किया गया। यह भी बिना पंजीकरण के संचालित मिला। हालांकि, जांच के समय यहां कोई मरीज भर्ती नहीं था। विभाग ने नर्सिंग होम को भी सील कर दिया। बिंद्रा बाजार के दो अस्पतालों को नोटिस स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिंद्रा बाजार स्थित मां मुखराजी चिकित्सालय और रमा हड्डी अस्पताल की जांच की। दोनों प्रतिष्ठान बिना पंजीकरण के संचालित पाए गए। विभाग ने दोनों को नोटिस जारी कर पंजीकरण और अन्य जरूरी अभिलेखों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिलरियागंज स्थित सृष्टि चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान परिसर में चार से पांच बेड लगे मिले। हालांकि, मौके पर न तो कोई मरीज मिला और न ही अस्पताल का संचालक मौजूद था। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया है। विभाग अस्पताल के संचालन और पंजीकरण से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *