रतलाम के पलसोड़ी गांव में कुत्ते के हमले में जान गंवाने वाली 3 साल की मनीषा का शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद पिता राजू भाभर अपनी इकलौती बेटी के शव को गोद में लेकर सीने से लगाए रोते रहे। एक महीने पहले माता-पिता बेटी को दादा-दादी के पास छोड़कर मजदूरी के लिए अजमेर गए थे। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें यह दिन देखना पड़ेगा। दोपहर 12 बजे पिता और अन्य परिजन शव वाहन से बच्ची का शव लेकर गांव रवाना हुए। इस बीच मनीषा का खेलते हुए एक पुराना वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह खुशी से हंसते और दौड़ते हुए नजर आ रही है। बता दें गुरुवार को आंगन में खेलते समय बच्ची पर कुत्ते ने हमला किया था। पड़ोसियों ने कुत्ते को भगाया घटना गुरुवार शाम की है। मनीषा घर के आंगन में खेल रही थी, तभी एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे रतलाम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रात में शव मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया। घटना के समय बच्ची के दादा-दादी घर के पास खेत में थे। शोर सुनकर वे पहुंचे, तब तक पड़ोसियों ने कुत्ते को भगा दिया था। कुछ ग्रामीणों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह खेतों की ओर भाग गया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुत्ते ने बच्ची को नोचने के बाद आंगन में बंधी गाय और रास्ते में एक भैंस को भी नोचा था। बेटी का वीडियो देखकर नहीं रोक पाए आंसू बेटी की मौत की खबर मिलने पर माता-पिता देर रात अजमेर से रतलाम पहुंचे। मोबाइल में बेटी का खेलते हुए वीडियो देखकर पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए। परिजनों के मुताबिक, यह वीडियो राखी के समय का है। इसमें मनीषा इंस्टाग्राम रील के लिए बनाए गए वीडियो में एक गीत पर खुशी से नाच रही है। वीडियो में कहते हुए सुनाई दे रही है कि मामा के घर जाऊंगी। दोपहर बाद जब बच्ची का शव गांव ले जाया गया, तो परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। शव लपेटने के लिए परिजनों से मंगाया कपड़ा और प्लास्टिक मेडिकल कॉलेज में पिता राजू भाभर पूरे समय नंगे पैर रहे। बेटी की मौत से वह खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, पोस्टमार्टम कक्ष के कर्मचारियों ने शव को लपेटने के लिए उनसे प्लास्टिक और सफेद लट्ठे का कपड़ा मंगवाया। बाद में कर्मचारियों ने कपड़ा अपने पास रख लिया और शव को प्लास्टिक में रखकर कंबल से लपेट दिया। इसके बाद टेप लगा दिया। पिता राजू भाभर ने बताया कि उनकी शादी 2021 में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गेमनपुरा सेमलिया क्षेत्र में हुई थी। बेटी का जन्म 29 अप्रैल 2024 को हुआ था। करीब एक महीने पहले वह पत्नी के साथ मजदूरी करने अजमेर गए थे। उन्होंने बेटी को दादा-दादी के पास छोड़ा था, जो उसका ध्यान रखते थे। घटना की सूचना मिलने पर वह रात में रतलाम पहुंचे। गांव में डर का माहौल, ग्रामीण बोले- कोई सुध लेने नहीं आया पड़ोसी राजू भाभर ने बताया कि गांव के पास से 8 लेन एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है। घटना के समय शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंचे थे। बच्ची की हालत देखकर वह परिजनों के साथ उसे तुरंत रतलाम लेकर आए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि घटना के बाद कोई जिम्मेदार व्यक्ति गांव में हाल जानने नहीं पहुंचा। घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कुत्ते ने आंगन में खेल रही बच्ची के सिर-पीठ नोचे रतलाम के पलसोड़ी गांव में गुरुवार शाम घर के आंगन में खेल रही 3 साल की मनीषा पर कुत्ते ने हमला कर दिया। सिर और पीठ पर बुरी तरह नोचे जाने से बच्ची की मौत हो गई। घटना के वक्त दादा-दादी खेत में थे, जबकि माता-पिता अजमेर में मजदूरी करने गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

