सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज सैफई में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान किया। उन्होंने कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बात बनने का इशारा किया। अखिलेश ने कहा- कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर हमारा जो स्टैंड है वो कल क्लीयर हो जाएगा। हालांकि कांग्रेस की तरफ से 170 सीटों की सूची देने को लेकर अखिलेश कोई जवाब नहीं दिया। सपा प्रमुख ने कहा- हमें पता है, कांग्रेस को पता है। बीजेपी हैरान है। हम लोगों को रास्ता निकालना है। बीजेपी को हराना लक्ष्य है। भाजपा वाले हैरान हैं तो रहने दो। जिसे जो कहना है कहने दो। सैफई में ब्लॉक पर बने मतदान केंद्र पर सपा प्रमुख ने शाम करीब 3:30 बजे वोट डाला। इसी मतदान केंद्र पर यादव परिवार के नेताओं ने वोट डाला। सबसे पहले सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो राम गोपाल यादव सुबह 8 बजे वोट डालने पहुंचे थे। इसके बाद शिवपाल यादव पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे। अब पढ़िए अखिलेश का पूरा बयान आजम खां साहब थे और रहेंगे अखिलेश ने आजम खान से मुलाकात के सवाल पर भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा- अगर भाजपा के लोग कोर्ट से न मिलें, झूठे मुकदमे न लगाएं तो आजम खां साहब जेल के बाहर होंगे। कई बार भारतीय जनता पार्टी जो बात खुद नहीं बोल सकती है, वो दूसरे दलों से बुलवाती है। दूसरे दलों से सवाल करवाती है। जो मैंने रामपुर में कहा, मैं फिर कहता हूं – न्याय को और सच्चाई को ये भ्रष्ट अधिकारी कैद नहीं कर सकते। आजम खां साहब आजम थे, आजम हैं, आजम रहेंगे।” ओपी राजभर को लेकर तंज सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर के एक्स पर पोस्ट को लेकर कहा अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि आपको भी टाइम नहीं खराब करना चाहिए। हर किताब नहीं पढ़नी चाहिए। एक्स के सभी मैसेज नहीं पढ़ने चाहिए। मुझे नहीं पता आज उन्होंने क्या कहा है। आपको भी इनके चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। नाम लिए बिना भाजपा पर साधा निशाना अखिलेश ने बिना किसी का नाम लिए भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। कहा- रावण कौन है? हम आप सबने रामायण देखी है, पढ़ी है। भेष बदलकर कौन से भेष में रावण आया था? जो दशहरा पर रामायण के बारे में पूछ रहे हैं, वो भी जानते हैं कि रावण भेष बदलकर आया था। कौन से वस्त्र पहनकर आया था? वो कभी-कभी हमें टीवी पर देखने को मिलता है। रावण ने तो एक बार भेष बदला और जो आज सरकार चल रही है, पिछले 10 साल से भेष बदलकर पूरी जनता को लूट रही है।

