UP MLC Election: फतेहपुर में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, Akhilesh Yadav ने BJP पर साधा निशाना

UP MLC Election: फतेहपुर में बूथ कैप्चरिंग का प्रयास, Akhilesh Yadav ने BJP पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के दौरान फतेहपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके सहयोगियों ने एक मतदान केंद्र पर कब्जा करने की कोशिश की। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता और उनके सहयोगी फतेहपुर में बूथ लूटने पहुंचे हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या आज आयोग का अवकाश है।

सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव आयोग से कोई अपील नहीं है, क्योंकि अपील उससे की जाती है जिससे कोई उम्मीद हो। उप्र के मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में ऐसी घटनाओं के वीडियो रिकॉर्ड कर रही है और इनके आधार पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई की मांग चुनाव आयोग के अधिकारियों-कर्मचारियों और उत्तर प्रदेश प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ भी की जाएगी।

यादव ने इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें फतेहपुर में समाजवादी पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ।

इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *