दिल्ली के जसोला गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद के दौरान अपने भाई की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश वर्मा (36) और उसकी पत्नी चंदा वर्मा (34) के रूप में हुई है, और दोनों को कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी से फरार होने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर को हुई, जब जसोला गांव में झगड़े के संबंध में पुलिस को सूचनी मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और संजय वर्मा को गंभीर रूप से घायल पाया। उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी सोनी उर्फ नरगिस और उनकी मां जमना देवी को भी उपचार के लिए पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया है। जांच के दौरान जमना देवी ने आरोप लगाया कि पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद के दौरान उनके बेटे ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा ने संजय तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने बताया कि उनके बयान, चिकित्सा संबंधी रिकॉर्ड और घटना की परिस्थितियों के आधार पर सरिता विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (सामान्य आशय) के तहत मामला दर्ज किया गया।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों का पता लगाने और उन्हें फरार होने से रोकने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस के अनुसार, चंदा को 21 अक्टूबर को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि ओमप्रकाश को 22 अक्टूबर को सराय काले खां बस अड्डे से पकड़ा गया। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई लकड़ी की एक छड़ी, सीसीटीवी फुटेज और अपोलो अस्पताल से प्राप्त मृतक के कपड़ों वाला एक सीलबंद पैकेट जब्त किया है।
मामले में जांच जारी है।

