घरेलू बाजारों में सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में शुरुआती बढ़त गंवाकर एक प्रतिशत टूट गए। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बीएसई सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला, लेकिन दोपहर के कारोबार में 730.30 अंक यानी एक प्रतिशत फिसलकर 72,519.09 पर आ गया। इसी तरह, एनएसई निफ्टी ने भी शुरुआती बढ़त गंवा दी और 260.75 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,426.90 पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर पांच प्रतिशत से अधिक टूटकर सबसे ज्यादा नुकसान में रहा।
अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एनटीपीसी, इंडिगो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयर में भी गिरावट रही। वहीं इटर्नल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो और एचडीएफसी बैंक के शेयर बढ़त में रहे। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव करीब एक प्रतिशत बढ़कर 114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशियाई बाजार शुरुआती गिरावट से उबरकर ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए।
चीन का एसएसई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, जापान का निक्की 225 सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट रही। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,458.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,891.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 460.30 अंक की गिरावट और एनएसई निफ्टी 123.70 अंक टूटकर बंद हुआ था।

