हरदोई में MLC चुनाव के लिए मतदान जारी:शिक्षक-स्नातक सीटों पर 20 मतदान केंद्रों पर वोटरों में उत्साह, मंत्री रजनी तिवारी ने भी डाला वोट

हरदोई में MLC चुनाव के लिए मतदान जारी:शिक्षक-स्नातक सीटों पर 20 मतदान केंद्रों पर वोटरों में उत्साह, मंत्री रजनी तिवारी ने भी डाला वोट

हरदोई जनपद में लखनऊ खंड के शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई है। मतदान को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह 8 बजे से ही लोग कतारबद्ध होकर अपने-अपने पोलिंग बूथों पर पहुंचने लगे और मताधिकार का प्रयोग किया। क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को मुख्य मुद्दा मानते हुए वोटरों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डीएम राहुल पांडे और एसपी अशोक कुमार मीणा ने शाहाबाद तहसील के तहत टोडरपुर समेत अन्य बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं। पोलिंग बूथों पर तैनात पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ हर आने-जाने वाले की तलाशी लेने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दे रहा है। बता दें कि इस चुनाव में स्नातक एमएलसी पद के लिए 47,875 मतदाता 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं, वहीं शिक्षक एमएलसी पद के लिए 6,482 मतदाता मैदान में उतरे 13प्रत्याशियों की किस्मत तय कर रहे हैं। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बूथ संख्या 61, कमरा नंबर 27 में क्रम संख्या वाराणसी पर अपना वोट डाला। मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया बनाए रखने के निर्देश दिए। रजनी तिवारी ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों को ध्यान में रखकर अपने मत का प्रयोग किया है। सुबह 8:00 बजे से शुरू हुई यह मतदान प्रक्रिया शाम 4:00 बजे तक जारी रहेगी। शाम को मतदान समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में सील हो जाएगा। सभी की नजरें अब आगामी 27 अक्तूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *