मेरठ में मोबाइल लूटकर भाग रहे दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस पर फायरिंग कर भागे, बाइक फिसलने से घायल; लूटा मोबाइल और तमंचा बरामद

मेरठ में मोबाइल लूटकर भाग रहे दो आरोपी गिरफ्तार:पुलिस पर फायरिंग कर भागे, बाइक फिसलने से घायल; लूटा मोबाइल और तमंचा बरामद

मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने मोबाइल लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह चेकिंग के दौरान रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने लगे। पीछा करने पर नूरनगर कट के पास उनकी बाइक फिसलकर गिर गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, तमंचा, मोबाइल स्क्रैप से भरा बोरा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। झपट्टा मारकर लूटा था मोबाइल पुलिस के मुताबिक, रसीद नगर निवासी वशीम पुत्र मोहम्मद जहीर ने गुरुवार को ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए थाना पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया था। पुलिस को देखकर फायरिंग, पीछा करने पर गिरे शुक्रवार सुबह पुलिस टीम नूरनगर कट के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली बाइक पर दो युवक नूरनगर की ओर से आते दिखे। पुलिस ने टॉर्च से रुकने का इशारा किया तो पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों कूड़ा गोदाम की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो नूरनगर कट के पास उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों से ये सामान बरामद गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्यामनगर निवासी अब्दुल समद उर्फ सोनू और गत्ता वाली गली में किराये पर रहने वाले अमन उर्फ घोड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने अमन के कब्जे से तमंचा और लूटा गया मोबाइल बरामद किया। इसके अलावा मोबाइल स्क्रैप से भरा बोरा और वारदात में इस्तेमाल काली स्प्लेंडर बाइक भी मिली है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *