रेल जन संवाद में नई लाइन और सुविधाओं की मांग:डीडवाना-कुचामनसिटी लाइन से जयपुर की दूरी 77 KM घटेगी

रेल जन संवाद में नई लाइन और सुविधाओं की मांग:डीडवाना-कुचामनसिटी लाइन से जयपुर की दूरी 77 KM घटेगी

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की ओर से गुरुवार को विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम में रेल सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठी। डीडवाना स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने डीडवाना-कुचामनसिटी नई रेल लाइन बनाने, डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड पर नई ट्रेनें चलाने, मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और खुनखुना स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव सहित कई सुझाव दिए। नई रेल लाइन बनने से डीडवाना से जयपुर की दूरी 228 किलोमीटर से घटकर करीब 151 किलोमीटर रह जाने का दावा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के साथ यात्रियों की समस्याएं और सुझाव जानना भी था। डीडवाना-कुचामनसिटी रेल लाइन का प्रस्ताव सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह मोहनोत ने डीडवाना-कुचामनसिटी नई रेल लाइन बनाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि इस लाइन के निर्माण से डीडवाना से जयपुर की दूरी 228 किलोमीटर से घटकर करीब 151 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सकती है। उन्होंने नई ट्रेनें शुरू करने और मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने के लिए ज्ञापन भी दिए। रतनगढ़ में वाशिंग लाइन बनाने का सुझाव मंडल रेल सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य रामदेव शर्मा ने डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड पर नई ट्रेनें चलाने और रतनगढ़ में वाशिंग लाइन बनाने की जरूरत बताई। उप प्रधान ओमप्रकाश लील ने डंपिंग यार्ड हटाने और खुनखुना स्टेशन पर कुछ ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी। वहीं, राहुल रूवटिया ने विवेक एक्सप्रेस और हिसार-बांद्रा एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने का मुद्दा उठाया। उनकी मांग का अन्य लोगों ने भी समर्थन किया। अंडरपास पर शेड और प्याऊ के पुनर्निर्माण का मुद्दा भारत विकास परिषद के सदस्यों ने मेड़ता से सरदारशहर और बीकानेर के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू करने की मांग की। अमजद अली खान ने नागौर रोड अंडरपास के ऊपर शेड लगाने की स्वीकृति देने का मुद्दा उठाया, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। शिवबक्स गुर्जर ने अपने पूर्वजों की स्मृति में बनाई गई प्याऊ का शीघ्र पुनर्निर्माण करवाने की मांग की। कमल सैनी सहित अन्य लोगों ने भी रेलवे से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं के विस्तार के लिए सुझाव दिए। सफाई और रेल सुविधाओं में सुधार पर रहा जोर डीडवाना स्टेशन पर रेल जन संवाद कार्यक्रम वरिष्ठ मंडल अभियंता श्रीचंद पुनिया की देखरेख में हुआ। इसमें सहायक मंडल अभियंता विनीत कुमार, निर्माण निरीक्षक सतीश कुमार और फैसिलिटी मैनेजर लिखमाराम सहित रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। रामदेव शर्मा, नरेंद्र सिंह मोहनोत, उप प्रधान ओमप्रकाश लील, विनोद सैन, शिवकुमार शर्मा, राकेश जांगिड़, कमल सैनी, शिवबक्स गुर्जर, दयालाराम, अमजद अली खान और राहुल रूवटिया ने भाग लिया। कार्यक्रम में लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी मांगें और समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया। संवाद के बाद वरिष्ठ मंडल अभियंता श्रीचंद पुनिया ने अपनी टीम के साथ स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *