चेकिंग के नाम पर पुलिस द्वारा लोगों से धमका कर वसूली करने के मामले सामने आया है। पंजाब के पटियाला जिले में पुलिस की खाकी वर्दी को दागदार करने का ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के जवानों द्वारा लोगों को डरा-धमकाकर पैसे वसूलने का भंडाफोड़ हुआ है। आरोप है कि ये लोग गाड़ी में बठे युवक युवतियों को शिकार बना रहे थे। उनका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे थे। थाना पस्याणा पुलिस ने एक कपल को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह वारदात सूलर से मैण रोड पर स्थित गांव शेर माजरा पुल के समीप अंजाम दी गई। दो ASI गिरफ्तार, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद SSF के सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) करनैल सिंह और ASI गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एक अन्य ASI बलिहार सिंह को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मोबाइल खंगालने पर उड़ गए होश, 90 वीडियो बरामद पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की तलाशी लेने पर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उनके मोबाइल से लगभग 90 अलग-अलग वीडियो बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी काफी समय से निर्दोष और आम लोगों को निशाना बनाकर उन्हें डराने-धमकाने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का काम कर रहे थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितने मासूम लोगों को शिकार बनाकर अवैध वसूली की है।

