हरदा की नगर विकास समिति ने खिरकिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। गुरुवार को जनसंवाद कार्यक्रम में समिति ने डीआरएम भोपाल मंडल के नाम एक मांगपत्र वरिष्ठ मंडल अभियंता मोहित साहू को सौंपा। समिति ने बताया कि स्टेशन पर कई जरूरी सुविधाओं की कमी है। यात्रियों की सुविधा के लिए डिस्प्ले बोर्ड, शौचालय, अतिरिक्त जनरल टिकट काउंटर और फीडिंग रूम शुरू करने की मांग की गई। समिति ने अजमेर एक्सप्रेस (17019) सहित कई अन्य ट्रेनों के खिरकिया में ठहराव की भी मांग उठाई। नागपुर-भुसावल रेल सेवा को दोबारा शुरू करने और सनावद तक रेल ट्रैक पर ट्रेन चलाने की भी मांग रखी गई। फुट ओवरब्रिज को शहर से जोड़ने और बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांगों के लिए इसे सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पूनमचंद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रतिनिधि महेंद्र सिंह खनूजा, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय यादव, नगर विकास समिति अध्यक्ष अनिल दरबार, सचिव राजेश मेहता, भाजपा नेता सुनील नीलोसे, पूर्व पार्षद आशीष अग्रवाल, गोविंद (राजू) महिवाल, गोल्डी राजपूत, जयंत (बिट्टू) अग्रवाल, राजू बैरागी, बलवीर होरा, अनुरूप यादव, रोहित दुबे, मोटू तिवारी सहित अन्य नागरिक और रेलवे के मंडल स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समिति ने रेलवे प्रशासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर खिरकिया स्टेशन की यात्री सुविधाओं में सुधार करने की अपील की।

