Diljit Dosanjh Delhi Concert: देश की राजधानी दिल्ली में मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के लाखों फैंस के लिए एक बेहद निराशाजनक खबर सामने आई है। अगर आपने भी 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दिलजीत दोसांझ के म्यूजिक कंसर्ट के लिए टिकट बुक किए थे, तो यह अपडेट आपके लिए बेहद अहम हो सकती है। दिल्ली पुलिस ने इस शो को क्लीयरेंस देने से इनकार कर दिया है। पुलिस के इस बड़े फैसले के बाद शो के आयोजन पर संकट के काले बादल मंडरा गए हैं। इसका बड़ा कारण भी सामने आया है।
दिलजीत दोसांझ के दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट को नहीं मिली पुलिस की परमिशन
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) ऑफिस ने टिकट बुकिंग पार्टनर प्लेटफॉर्म ‘BookMyShow’ को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले “दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर दिल्ली” (Aura India Tour Delhi) कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी जा सकती।
पुलिस प्रशासन ने अपने आधिकारिक पत्र में लिखा, “ऊपर बताए गए विषय पर आपकी अर्जी के संबंध में सूचित किया जाता है कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ‘दिलजीत दोसांझ ऑरा इंडिया टूर’ आयोजित करने की आपकी रिक्वेस्ट पर विचार किया गया है। लेकिन खास खतरे से जुड़े इनपुट्स (Specific Threat Inputs), चल रहे त्योहारों के मौसम से पैदा होने वाली सुरक्षा चिंताओं तथा कानून-व्यवस्था की कई अहम जिम्मेदारियों को देखते हुए इस कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी जा सकती है।”
त्योहारों का सीजन और सिक्योरिटी इनपुट्स बने मुख्य कारण
पुलिस का मानना है कि अक्टूबर के आखिर में देशभर में दिवाली और अन्य प्रमुख त्योहारों का सीजन चल रहा है, जिसके चलते राजधानी भर में सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद और विभिन्न जगहों पर तैनात हैं। ऐसे में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम जैसे बड़े वेन्यू में हजारों की भीड़ को नियंत्रित करना और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम मुहैया कराना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है। इसके अलावा, खुफिया एजेंसियों से मिले विशिष्ट सुरक्षा इनपुट्स ने भी पुलिस प्रशासन को यह कड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया है।
इस फैसले के बाद से दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले फैंस के बीच मायूसी छा गई है, क्योंकि शो के टिकट मिनटों में सोल्ड आउट (Sold Out) हो गए थे। अब सभी की निगाहें आयोजकों पर टिकी हैं कि क्या वे कॉन्सर्ट के लिए किसी नई तारीख और वेन्यू की घोषणा करेंगे या फिर टिकट बुकिंग कराने वालों को रिफंड प्रोसेस किया जाएगा।

