दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने साथ में किया गरबा:‘हैंड्स टूगेदर कैंपेन’ के तहत समावेशी गरबा उत्सव आयोजित, 12 विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने लिया हिस्सा

दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने साथ में किया गरबा:‘हैंड्स टूगेदर कैंपेन’ के तहत समावेशी गरबा उत्सव आयोजित, 12 विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने लिया हिस्सा

गरबा के पारंपरिक रंगों के बीच जब दिव्यांग और सामान्य बच्चे एक साथ थिरके तो माहौल दोस्ती, खुशी और अपनत्व से भर गया। जयपुर में समावेशी गरबा उत्सव-2026 आयोजित किया गया। कला मंजर सोसाइटी ने अपने ‘हैंड्स टूगेदर कैंपेन’ के तहत समग्र सेवा संघ के सहयोग से गुरुवार को दुर्गापुरा स्थित शारदा भवन में यह आयोजन किया। इसमें 12 विद्यालयों और संस्थानों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्सव का उद्देश्य दिव्यांग और सामान्य बच्चों के बीच मित्रता, समानता, सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बच्चों ने एक साथ गरबा किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समावेशिता केवल चर्चा का विषय नहीं, बल्कि ऐसा व्यवहार है, जिसमें हर बच्चे को समान अवसर और अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने का मंच मिले। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीयूसीएल राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट प्रेम किशन शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रावत एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक नरेंद्र सिंह रावत और विशेष अतिथि के रूप में सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट, सांगानेर की प्राचार्या आशी श्रीवास्तव ने शिरकत की। आयोजन को नन्हे कदम सोसाइटी की संस्थापक रेनू भाटिया का सहयोग मिला। इसके प्रायोजकों में शुभचिंतक सहयोगी फाउंडेशन के संस्थापक मनीष मिश्रा, सृष्टि द वुमन क्लब की संस्थापक मधु सोनी और सेंटवेव ऑर्गनाइजेशन की निदेशक शिवाली गुप्ता शामिल रहीं। कला मंजर सोसाइटी और हैंड्स टूगेदर कैंपेन की संस्थापक मीनाक्षी माथुर ने कार्यक्रम का समन्वय किया, जबकि हैप्पीनेस कोच एवं लेखिका शिवानी जयपुर ने संचालन किया। समग्र सेवा संघ, राजस्थान के अध्यक्ष सवाई सिंह कार्यक्रम के मेजबान रहे।
उत्सव के दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए गए। श्रेष्ठ पारंपरिक वेशभूषा के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा ‘मिस्टर गरबा’ और ‘मिस गरबा’ के पुरस्कार भी प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ नृत्य गुरु मीरा सक्सेना, चित्रकार एवं नृत्यांगना प्रतिमा पटनायक और सामाजिक कार्यकर्ता शिवाली गुप्ता शामिल रहीं। पुरस्कारों के माध्यम से बच्चों की सहभागिता, पारंपरिक वेशभूषा और उत्सव में उनके उत्साह को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में श्री निर्मल विवेक स्पेशल स्कूल, प्रयास वोकेशनल इंस्टीट्यूट, करुणा स्पर्श फाउंडेशन, उत्कर्ष स्पेशल स्कूल, दिशा स्कूल, राजकीय सेठ आनंदीलाल पोद्दार बधिर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय, नन्हे कदम सोसाइटी, सुबोध पब्लिक स्कूल (एयरपोर्ट, सांगानेर), डॉल्फिन्स हाई स्कूल (प्रताप नगर), रावत पब्लिक स्कूल (प्रताप नगर, सांगानेर), इंडिया इंटरनेशनल स्कूल (मानसरोवर) और उड़ान पैरा स्पोर्ट्स एकेडमी के बच्चों ने भाग लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *