सपा विधायक ने MLC चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई:जिला पंचायत और निकाय चुनावों का हवाला दिया, निष्पक्ष मतदान की मांग

सपा विधायक ने MLC चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई:जिला पंचायत और निकाय चुनावों का हवाला दिया, निष्पक्ष मतदान की मांग

मैनपुरी में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे समाजवादी पार्टी के किशनी विधायक बृजेश कठेरिया ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने पिछले जिला पंचायत और नगर निकाय चुनावों का हवाला देकर गड़बड़ी की आशंका जताई और कहा कि मतदाताओं को बिना किसी दबाव के अपनी पसंद के प्रत्याशी को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए। विधायक ने चेतावनी दी कि चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन या किसी तरह की धांधली हुई तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाएगी। सपा विधायक बृजेश कठेरिया पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा को ज्ञापन सौंपकर मतदान प्रक्रिया पर सख्त निगरानी रखने की मांग की। विधायक ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनमें किसी भी तरह का पक्षपात नहीं होना चाहिए। मतदान केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। बृजेश कठेरिया ने भाजपा सरकार पर पिछले चुनावों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत और नगर निकाय चुनावों के दौरान सत्ता पक्ष पर धांधली के आरोप लगे थे। उनके मुताबिक, उन चुनावों में सपा के जीते हुए प्रत्याशियों के प्रमाणपत्र तक छीन लिए गए थे। विधायक ने इसी आशंका के चलते प्रशासन से आगामी मतदान को निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने की मांग की। सपा विधायक ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलता है, सत्ता के दबाव से नहीं। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदान के दौरान किसी मतदाता को डराया-धमकाया न जाए और न ही किसी तरह की लूट-खसोट होने दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि आचार संहिता का उल्लंघन होता है या चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की कोशिश की जाती है, तो चुनाव आयोग को सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *