अर्शदीप सिंह ने की जसप्रीत बुमराह की बराबरी, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते ही हासिल की उपलब्धि

अर्शदीप सिंह ने की जसप्रीत बुमराह की बराबरी, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते ही हासिल की उपलब्धि

NZ vs IND 1st T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में मैदान पर उतरते ही अर्शदीप सिंह ने अपने हमवतन जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दरअसल, अर्शदीप सिंह अपना 100वां टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे हैं। इस तरह उन्होंने 100 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है। हालांकि, जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले अर्शदीप सिंह ने 99 मैचों में 8.62 की इकॉनमी रेट और 20.30 की औसत से कुल 145 विकेट चटकाए थे। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 51 रन देकर पांच विकेट रहा है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए दो बार चार विकेट लेने का कारनामा भी किया है। अर्शदीप सिंह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर जसप्रीत बुमराह हैं, जिन्होंने 100 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 6.52 की इकॉनमी रेट से कुल 126 विकेट लिए हैं।

भारत के लिए रोहित शर्मा ने खेले हैं सर्वाधिक टी-20I मैच

भारत के लिए सर्वाधिक टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने 2007 से 2024 के बीच 159 टी-20I मैच खेले और कुल 4,231 रन बनाए। इस सूची में दूसरे स्थान पर हार्दिक पंड्या हैं, जिन्होंने भारतीय टीम के लिए 138 टी-20I मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने कुल 2,288 रन बनाने के साथ-साथ 114 विकेट भी लिए हैं। विराट कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 125 टी-20I मैचों में कुल 4,188 रन बनाए हैं।

इसके बाद चौथे और पांचवें स्थान पर अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव हैं। दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम के लिए 113-113 टी-20I मैच खेले हैं। सूर्यकुमार यादव ने इन मुकाबलों में कुल 3,272 रन बनाए हैं, जबकि अक्षर पटेल के नाम 787 रन और 113 विकेट दर्ज हैं। इस सूची में अगला नाम अर्शदीप सिंह का है। इस तरह वह भारत के लिए सर्वाधिक टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *