Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से गिरावट देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी घरेलू वायदा और हाजिर दोनों कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। घरेलू हाजिर भाव की बात करें, तो बीते 9 दिन में सोना करीब 5000 रुपये टूट गया है। वहीं, चांदी में 10,000 रुपये की गिरावट आई है। ऐसे में जिनके घरों में शादी है या जो सोना खरीदना चाहते हैं, उनके मन में सवाल है कि सोने की कीमतों में अभी और गिरावट आएगी या यही खरीदारी का सही मौका है।
9 दिन में 5000 रुपये टूटा सोना
गुड रिटर्न्स के अनुसार, 24 कैरेट सोने का घरेलू हाजिर भाव 13 अक्टूबर को 1,49,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। आज 22 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर यह कीमत गिरकर 1,44,530 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। इस तरह सोने की कीमत पिछले 9 दिन में 4,910 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गयी है। वहीं, 22 कैरेट गोल्ड में इस दौरान 4500 रुपये की गिरावट आई है।
चांदी 10,000 रुपये हुई सस्ती
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को चांदी का घरेलू हाजिर भाव 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। यह कीमत आज 22 अक्टूबर को गिरकर 2,25,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। इस तरह 9 दिन में चांदी का भाव 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम गिर गया है।
MCX पर क्या हैं सोने-चांदी के भाव
घरेलू वायदा बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर गुरुवार दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाले सोना का भाव 0.86 फीसदी या 1262 रुपये की गिरावट के साथ 1,44,817 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी का रेट इस समय 2.49 फीसदी या 5213 रुपये की गिरावट के साथ 2,03,955 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
क्या और आएगी गिरावट?
आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स के डायरेक्टर थॉमस स्टीफन का मानना है कि हाल की गिरावट ग्राहकों के लिए खरीदारी का बेहतरीन मौका है। त्योहारों की भारी मांग और दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार सोना जमा करने की वजह से अब भाव में बड़ी गिरावट आने की गुंजाइश न के बराबर है।
एकमुश्त नहीं, किश्तों में खरीदारी की सलाह
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी एनालिस्ट मानव मोदी के मुताबिक, अक्टूबर और नवंबर में शादी-ब्याह की मांग जोर पकड़ती है। उनका कहना है कि हालिया गिरावट उन परिवारों के लिए राहत लेकर आयी है, जिन्हें गहने खरीदने हैं। हालांकि, उनकी एक जरूरी सलाह यह भी है कि सारा सोना एक ही दिन खरीदने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके खरीदें। इससे बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम कम हो जाता है। इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म ‘ट्रैक’ के को-फाउंडर वेदांत गुप्ते भी इस बात को दोहराते हैं। उनका कहना है कि अगर घर में शादी तय है, तो यह गिरावट आपके लिए खरीदारी का सबसे मुफीद मौका है। कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि भाव का निचला स्तर क्या होगा, लेकिन इस समय खरीदारी करके आप अपने तय बजट को बिगड़ने से जरूर बचा सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

