नीमच कृषि उपज मंडी में एक किसान के साथ तौल में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उज्जैन जिले के पालसोडा गांव से उड़द बेचने आए किसान के साथ बोरी की भर्ती में गड़बड़ी की कोशिश की गई। पीड़ित किसान ने बघाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। किसान रोहित रघुवंशी ने बताया कि वे पहली बार नीमच मंडी आए थे। तौल के दौरान हम्मालों ने कथित तौर पर गड़बड़ी की। नियमानुसार प्रति बोरी 50 किलो उड़द भरनी थी, लेकिन हम्माल जबरन उसे 60 से 62 किलो तक भरने लगे। इससे किसान को प्रति बोरी 10 से 12 किलो का सीधा नुकसान हो रहा था। जब किसानों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें पैसों का लालच दिया और धमकाया। दूसरी जगह वजन कराने पर भारी अंतर मिला, जिससे धोखाधड़ी का शक गहरा गया। मंडी सचिव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बघाना थाना प्रभारी को पत्र लिखा है। उन्होंने धोखाधड़ी में शामिल हम्मालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

