सतना में बुधवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तालाब में डूबे युवक का शव गुरुवार सुबह मिला। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रामवन पथ गमन के पास हुआ। एसडीईआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे तक तलाश अभियान चलाया। मृतक की पहचान गिरजापुर निवासी अभय राज चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में गया जानकारी के मुताबिक, अभय राज चौधरी बुधवार देर रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब गया था। विसर्जन के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। रात में ग्रामीणों ने भी उसकी तलाश की। करीब 10 फीट गहरा है तालाब गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव मिला। हाईवे किनारे स्थित यह तालाब आदिवासी की जमीन पर मुरूम खनन के कारण बना था। इसकी गहराई करीब 10 फीट है।

