Varanasi Air Show: चंदौली के दो ब्लॉकों में 22 और 24 अक्टूबर को स्कूल ऑनलाइन चलेंगे

Varanasi Air Show: चंदौली के दो ब्लॉकों में 22 और 24 अक्टूबर को स्कूल ऑनलाइन चलेंगे

चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और नियामताबाद ब्लॉक के सभी माध्यमिक विद्यालयों में वाराणसी में आयोजित होने वाले ‘एयर शो’ के मद्देनजर 22 और 24 अक्टूबर को प्रत्यक्ष कक्षाएं नहीं होंगी, बल्कि ऑनलाइन पढ़ाई होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि यह आदेश उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाणपत्र परिषद (आईसीएसई) से संबद्ध स्कूलों और कॉलेजों पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि दोनों दिन विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से जारी रहेगी।

भारतीय वायुसेना द्वारा वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम से एयर शो आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम में 15 से 20 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

इसे देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय भाजपा नेताओं और अधिकारियों के मुताबिक, 25 अक्टूबर को कार्यक्रम के समापन दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *