South Africa vs Australia 2nd Test Update: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में कंगारुओं पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने फॉलोऑन खेलते हुए 156 रन बना लिए हैं और उसके चार विकेट गिर चुके हैं। सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड 87 रन बनाकर नाबाद हैं, तो स्कॉट बोलैंड 2 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। मतलब कहा जाए कि ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की जीत के बीच ट्रैविस हेड खड़े हैं, तो गलत नहीं होगा।
दूसरी पारी में भी शुरुआत रही खराब
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निक मैडिनसन एक बार फिर सस्ते में पवेलियन लौट गए और सिर्फ 8 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने। मार्नस लाबुशेन ने ट्रैविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की, लेकिन साइमन हार्मर की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में लाबुशेन अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद मैथ्यू रेनशॉ 11 और ब्यू वेबस्टर 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में अभी कई बड़े बल्लेबाज बचे हुए हैं, जिनमें स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी और कप्तान पैट कमिंस के साथ मिचेल स्टार्क भी शामिल हैं, जो बल्लेबाजी कर सकते हैं। लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया को यह मैच बचाना है, तो ट्रैविस हेड को अंत तक बल्लेबाजी करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी भी 170 रन पीछे है और पांचवें दिन 90 ओवर के खेल में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को 170 रन बनाकर इससे आगे निकलना होगा। साथ ही उन्हें कम से कम 200 रन का लक्ष्य देना होगा, तब जाकर मैच ड्रॉ हो सकता है या पूरे 90 ओवर बल्लेबाजी करनी होगी। दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने दो और साइमन हार्मर ने दो विकेट हासिल किए।
बावुमा के दम पर साउथ अफ्रीका ने पलटा मैच
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 99 रन पर सिमट गई थी, जिसमें स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए थे। मार्को यानसन ने 5 विकेट चटकाए थे, तो कगिसो रबाडा और वियान मुल्डर को दो-दो सफलताएं मिली थीं, जबकि एनरिक नॉर्किया ने एक विकेट हासिल किया था। साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 425 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इसमें कप्तान टेम्बा बावुमा ने 179 रन की शानदार पारी खेली थी, तो वहीं आठवें नंबर पर आकर मार्को यानसन ने 85 और नौवें नंबर पर आकर साइमन हार्मर ने 82 रन बनाए थे। एक समय साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 40 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए 425 रन बनाए। इसके बाद कप्तान तेंबा बावुमा ने पारी घोषित कर दी और आलम यह है कि अब साउथ अफ्रीका जीत की दहलीज पर खड़ी है।


+ Harmer’s reflexes
= ABSOLUTE MAGIC! 


Celebration Moment 