Nagaland के CM Neiphiu Rio ने नगा राजनीतिक मुद्दे के समावेशी समाधान की अपील की

Nagaland के CM Neiphiu Rio ने नगा राजनीतिक मुद्दे के समावेशी समाधान की अपील की

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने बुधवार को नगा राजनीतिक मुद्दे का समावेशी और सभी पक्षों को स्वीकार्य समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने बातचीत में शामिल सभी पक्षों से आग्रह किया कि वे लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ईमानदारी दिखाएं। सत्तारूढ़ नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रियो ने कहा कि दशकों पुराना राजनीतिक मुद्दा पार्टी के एजेंडे में प्रमुख बना हुआ है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास, आर्थिक वृद्धि, निवेश और रोजगार के अवसरों के लिए स्थायी शांति आवश्यक है। रियो ने कहा कि केंद्र और नगा राजनीतिक समूहों के बीच जारी बातचीत में एनपीएफ भले ही वार्ता में शामिल पक्ष न हो, लेकिन शांति प्रक्रिया के लिए मतभेदों को दूर करने और अनुकूल माहौल बनाने में मदद करने वाले एक सूत्रधार के रूप में पार्टी की अहम जिम्मेदारी है। एनपीएफ के अध्यक्ष रियो ने जनजातीय संगठनों, नागरिक समाज संगठनों, चर्चों, छात्र संगठनों, महिलाओं, युवाओं और राजनीतिक दलों से समाधान की दिशा में मिलकर काम करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नगा लोगों की आकांक्षाओं को व्यक्तिगत और संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर रखा जाना चाहिए। रियो ने जोर देकर कहा कि राजनीतिक समझौता होने तक विकास को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, ग्रामीण आजीविका और बुनियादी ढांचे पर ध्यान देना जारी रखेगी।

उन्होंने आर्थिक अवसरों का विस्तार करने और लोगों के कल्याण के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री सूक्ष्म वित्त योजना, नगालैंड स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना और नगालैंड कौशल एवं उद्यमिता विकास मिशन जैसी पहलों का उल्लेख किया। रियो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और अगले चुनावों की तैयारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने नेतृत्व में महिलाओं और युवाओं की अधिक भागीदारी का आह्वान किया।

राइजिंग पीपुल्स पार्टी (आरपीपी) के नेताओं और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के विधायकों सहित एनपीएफ में शामिल हुए नए विधायकों और सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को अतीत के मतभेदों को भुलाकर मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को संगठन और लोगों के हितों से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए। पार्टी की 64 साल की यात्रा का उल्लेख करते हुए रियो ने इसके संस्थापक नेताओं और पूर्व अध्यक्षों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि एनपीएफ का राजनीतिक दर्शन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीकों से नगा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने पर आधारित है। रियो ने मणिपुर की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने हिंसा और विस्थापन से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए मेल-मिलाप, विश्वास बहाली और स्थायी शांति का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *