दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर 1984 के सिख विरोधी दंगों की तर्ज पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का बुधवार को आरोप लगाया। उन्होंने यह टिप्पणी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की प्रस्तावित रैली से पहले की। सिरसा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने पिता व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अपनी दादी व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रास्ते पर चल रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राजनीतिक फायदे के लिए देश को अस्थिर करना चाहते हैं। सिरसा ने कहा, “राहुल गांधी ने अपने पिता और दादी की तरह ही काम करने का तरीका अपनाया है। वह देश को नुकसान पहुंचाने के उसी रास्ते पर चल रहे हैं।”
एक नवंबर को होने वाली प्रस्तावित रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक फायदे के लिए अशांति फैलाने और छात्रों समेत निर्दोष लोगों की जान को खतरे में डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
सिरसा ने आरोप लगाया, “अब एक बार फिर एक नवंबर को राहुल गांधी देश में अराजकता फैला रहे हैं। सत्ता के लालच में वह निर्दोष बच्चों और उनकी माताओं को अपना शिकार बना रहे हैं।”
उन्होंने राहुल गांधी की कथित ‘सत्ता परिवर्तन’ संबंधी टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने की कोशिशों में विदेशी धन का इस्तेमाल हो सकता है।
हालांकि, उन्होंने अपने इस आरोप के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया। सिरसा ने कहा, “हम इसकी निंदा करते हैं और इसका विरोध करते हैं। आप 1984 के सिख पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं।
आप देश में आग लगाने और उसे तोड़ने के लिए उसी दिन यानी एक नवंबर को चुन रहे हैं।”

