करनाल के घरौंडा में कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। कांग्रेस ने ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। मुलाना से विधायक पूजा चौधरी प्रदर्शन में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राठौर के अचानक चले जाने और कार्यकर्ताओं की कम संख्या को लेकर भी सवाल उठे। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत प्रदर्शन
विधायक पूजा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर हरियाणा कांग्रेस कमेटी हर विधानसभा क्षेत्र में रोष प्रदर्शन कर रही है। इस अभियान का नाम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नागरिकों के वोट सुरक्षित नहीं हैं। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव करवाने की है, लेकिन उनके अनुसार आयोग स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ऐसा कानून लेकर आई है, जिससे मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही प्रभावित होती है। पूजा चौधरी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। गांव स्तर तक अभियान ले जाने का दावा
कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश वैध ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसे गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव नहीं करवाती, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के मतदान के अधिकार को छीना जा रहा है और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। कम कार्यकर्ता पहुंचने पर दी सफाई
कार्यक्रम में नेताओं की तुलना में कार्यकर्ताओं की कम संख्या को लेकर सवाल पूछे जाने पर राजेश वैध ने कहा कि प्रदर्शन की योजना एक दिन पहले ही बनी थी। कम समय के बावजूद अच्छा कार्यक्रम हुआ और लोगों में उत्साह है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी करने और अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया। ये कांग्रेस नेताओं के आरोप हैं। राठौर बोले- फार्म हाउस पर था हनुमान पाठ
प्रदर्शन के दौरान वीरेंद्र सिंह राठौर के अचानक चले जाने पर राजेश वैध ने कहा कि संभव है उन्हें कोई जरूरी काम आ गया हो। उन्होंने कांग्रेस में एकजुटता होने की बात कही। वहीं, फोन पर वीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि उनके फार्म हाउस पर हनुमान जी का पाठ था और उन्हें ज्योत जलानी थी। बार-बार फोन आने के कारण वे जिला अध्यक्ष राजेश वैध को बताकर कार्यक्रम से चले गए थे।

