फतेहाबाद के शहर के पुरानी तहसील इलाके में एक पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जहां मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे छोटे बेटे ने लकड़ी से हमला कर अपने 61 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और मातम का माहौल है। मृतक की पहचान धर्मपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मपाल के परिवार में दो बेटे सतीश (बड़ा) और विजय (छोटा), तथा एक विवाहित बेटी हैं। पूरा परिवार किराए के मकान पर रहता है और सतीश पास ही एक किरयाना की दुकान पर काम करता है। सतीश ने बताया कि घटना के समय सतीश की मां घर में स्नान कर रही थी, जबकि पिता धर्मपाल और छोटा बेटा विजय घर पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता और 34 वर्षीय छोटे बेटे विजय के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर विजय ने घर मे पड़ी एक लकड़ी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बच्ची ने दी अपने पिता को दादा की हत्या की सूचना वारदात के वक्त सतीश पास की किरयाना की दुकान पर काम कर रहा था। तभी सतीश की बेटी दौड़ती हुई दुकान पर पहुंची और सहमे हुए अंदाज में बताया कि चाचा ने दादा को मार डाला है। सूचना मिलते ही सतीश तुरंत दौड़कर घर पहुंचा, जहां उसके पिता खून से लथपथ अड़े पड़े थे। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित परिजनों व पुलिस की मदद से घायल धर्मपाल को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी संजय मोरवाल अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक के बड़े बेटे सतीश ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसका छोटा भाई विजय काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और बात-बात पर बिना किसी वजह के घर में झगड़ा करता था। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी बेटे की तलाश की जा रही है।

